- बच्चों ने भाषण, नात और नाटकीय झांकी के माध्यम से महात्मा गांधी के जीवन व संदेशों को किया याद
- सत्य, अहिंसा, सेवा और स्वच्छता के मार्ग पर चलने का दिया संदेश
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। गांधी जयंती के अवसर पर मदरसा जमीअतुल अंसार में जमीअतुल अंसार फाउंडेशन के बैनर तले विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता यासीन अंसारी ने की, जबकि संचालन मैनेजर एवं मुतवल्ली साआदत अली अंसारी ने किया। कार्यक्रम में मदरसे एवं स्कूल के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष और उनके विचारों को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मदरसे के छात्र इकराम द्वारा नात-ए-पाक की प्रस्तुति से हुई। इसके बाद कक्षा चार और पांच के विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी में गांधी जी के जीवन और उनके विचारों पर भाषण प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों को कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और अभिभावकों ने खूब सराहा।
इसके बाद कक्षा चार, पांच और छह के छात्र-छात्राओं ने गांधी जी के जीवन एवं संदेशों पर आधारित नाटकीय झांकी प्रस्तुत की। बच्चों ने अपनी-अपनी भूमिकाओं को उत्साह और प्रभावशाली ढंग से निभाया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने प्रशंसा की।
गांधी और शास्त्री के संघर्षों से प्रेरणा लेने का आह्वान
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आबिद अली अंसारी ने बच्चों को 2 अक्टूबर के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
संचालन कर रहे साआदत अली अंसारी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री को खिराज-ए-अकीदत पेश करते हुए कहा कि हम सभी को अपने महापुरुषों के जीवन और उनके आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। गांधी जी ने हमेशा सत्य, अहिंसा और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमें सत्य, अहिंसा और सेवा का मार्ग कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
उन्होंने स्वच्छता के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, मोहल्ले और शहर को साफ रखने में योगदान देना चाहिए। स्वच्छ शरीर और स्वच्छ वातावरण का स्वस्थ मन से गहरा संबंध है।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को गांधी जी के विचारों और देश के लिए उनके योगदान की याद दिलाई। आयोजकों ने विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।


