- 100 से अधिक युवाओं और खादी कामगारों ने जागरूकता रैली में लिया हिस्सा
- चरखा डेमो और ‘हस्ताक्षर फॉर खादी’ के जरिए खादी को बढ़ावा देने का आह्वान
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। गांधी जयंती के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग विभाग, मेरा युवा भारत एवं जीटी भारत के संयुक्त तत्वावधान में खादी ग्रामोद्योग सेवा सदन, सीओडी फार्म, आगापुर रोड पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों के प्रति युवाओं एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के तहत ‘रन फॉर खादी’ जागरूकता रैली, ‘हस्ताक्षर फॉर खादी’ अभियान तथा चरखा डेमो आयोजित किया गया। खादी यात्रा का संचालन जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, जिला युवा अधिकारी एवं निदेशक आरसेटी द्वारा किया गया। जागरूकता रैली में 100 से अधिक युवाओं एवं खादी कामगारों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
स्थानीय कत्तिनों और बुनकरों को रोजगार से जोड़ने का संदेश
जागरूकता रैली के माध्यम से युवाओं और आमजन को खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने खादी को देश की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को बढ़ावा देने तथा कत्तिनों और बुनकरों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में सहयोग का आह्वान किया।
‘खादी को सार्वजनिक जीवन का हिस्सा बनाएं’
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खादी पहनना स्थानीय कत्तिनों और बुनकरों से जुड़ने तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि खादी को अपनाएं और सार्वजनिक जीवन में इसे अधिक से अधिक स्थान देकर इस गौरवशाली परंपरा को नई पहचान देने में सहयोग करें।


