- महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, लखनऊ में सुनीता सैनी को लगातार तीसरी बार सदस्य बनाए जाने पर उन्होंने राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया है। लगातार तीसरी बार जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने इसे अपने लिए गौरव के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी बताया।
सुनीता सैनी ने कहा कि राज्य महिला आयोग में पुनः सेवा का अवसर मिलना उनके लिए महत्वपूर्ण है। वह महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे। आयोग के माध्यम से महिलाओं को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
सुनीता सैनी ने कहा कि उन्हें मिली जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं के हितों से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगी।


