- रागी जत्थे ने कीर्तन से संगत को किया निहाल, गुरु के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान
- श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया गुरु का अटूट लंगर, बड़ी संख्या में संगत रही मौजूद
रामपुर। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बाहर से आए रागी जत्थे ने गुरबाणी कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कीर्तन के दौरान भाई मनप्रीत सिंह ने संगत को गुरबाणी से जोड़ते हुए गुरु के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सिख को अमृत पान कर गुरु की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने दीन-दुखियों की सेवा को सिख धर्म का महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए जरूरतमंदों की मदद करने की प्रेरणा दी।
अतिथियों का किया गया सम्मान
स्थापना दिवस समारोह के दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से विधायक आकाश सक्सेना, मंत्री बलदेव सिंह औलख, डॉ. जीएस चड्ढा, सीमा अरोरा और डॉ. वीवी शर्मा सहित आए हुए अतिथियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित किया गया, जिसकी सेवा देर शाम तक चलती रही। संगत ने श्रद्धा के साथ लंगर ग्रहण किया और सेवा में भी सहभागिता की। अरदास ग्रंथी सुरजीत सिंह द्वारा कराई गई।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रधान निर्मल सिंह, सेक्रेटरी सरदार मनमीत सिंह, जसपाल सिंह वादी, अमरजोत सिंह कपूर, हरजोत सिंह, भवनीत सिंह, अवतार सिंह, सेवा सिंह, खुशवंत सिंह बाजवा, रणजीत कौर, अमरजीत कौर, बलविंदर कौर, सोनिया, जगजोत सिंह, तीरथ सिंह, लखविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में सिख संगत मौजूद रही।


