- लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान बताए, कपड़े के बैग भी बांटे
- प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वनिधि योजना की सुविधाओं की दी जानकारी
रिपोर्ट : सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार एवं साहिल रहेजा
बठिंडा, 1 अक्टूबर। नगर निगम बठिंडा की कमिश्नर लवजीत कलसी के निर्देश पर नगर निगम कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और स्वच्छ भारत मिशन की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से सफाई जागरूकता कैंप आयोजित किया गया। कैंप के दौरान लोगों को स्वच्छता, स्वस्थ वातावरण और प्लास्टिक के बढ़ते इस्तेमाल से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों और टीम के सदस्यों ने बताया कि प्लास्टिक कचरे से पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। लोगों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को प्लास्टिक मुक्त रखने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए लोगों को कपड़े के बैग भी वितरित किए गए।
कैंप में प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी लोगों को दी गई। लोगों को इन योजनाओं के तहत उपलब्ध सुविधाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के बारे में बताया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ एवं प्लास्टिक-मुक्त वातावरण तैयार करने में आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। टीम ने लोगों से अपने घर, गली-मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सी. निखिल, सीओ दुर्गेश, सीएलटीसीओ साक्षी, एक्सपर्ट इंद्रजीत कौर, सीएफ दलजीत संधू सहित एसबीएम की पूरी टीम मौजूद रही। स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने भी अभियान में सक्रिय रूप से भाग लिया।


