- छुट्टी पर घर आई थी 22 वर्षीय प्रतीक्षा, कमरे में फंदे से लटका मिला शव; आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में यूपी पुलिस की एक 22 वर्षीय ट्रेनी कांस्टेबल ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रतीक्षा के रूप में हुई है। वह हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस में चयनित हुई थी और प्रशिक्षण पूरा करने के बाद रायबरेली के मोहनगंज थाने में तैनात थी। घटना के समय वह छुट्टी लेकर अपने घर आई हुई थी। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, प्रतीक्षा छुट्टी पर घर आई थी। घटना वाले दिन उसने परिवार के सदस्यों के साथ बैठकर बातचीत की थी। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गई। शाम तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो प्रतीक्षा का शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। कमरे से फिलहाल किसी सुसाइड नोट के मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं
प्रतीक्षा ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।


