- डीएम के ज्ञापन लेने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
- महिला छात्रावास संचालन और छात्र सुविधाओं को लेकर 9 सूत्रीय मांगों पर अड़े कार्यकर्ता
बांदा। पं. जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय, बांदा में महिला छात्रावास को संचालित कराने और छात्रों की मूलभूत सुविधाओं को सुचारू किए जाने समेत 9 सूत्रीय मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) का धरना लगातार चौथे दिन भी जारी रहा। संगठन का कहना है कि जिला अधिकारी को पूर्व में 10 से अधिक ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई न होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
अरविन्द श्रीवास्तव, जिला संवाददाता
अभाविप के जिला संयोजक एवं छात्र नेता कार्तिकेय गुप्ता ने कहा कि महाविद्यालय परिसर में पिछले 17 वर्षों से अधिक समय से महिला छात्रावास बना हुआ है, लेकिन उसका संचालन अब तक नहीं हो सका है। संगठन ने छात्र हित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए लगातार अधिकारियों को ज्ञापन दिए हैं।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के दूसरे दिन कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकाला, जबकि तीसरे दिन जिलाधिकारी और महाविद्यालय प्राचार्य के नाम बुद्धि-शुद्धि यज्ञ कर विरोध दर्ज कराया गया। चौथे दिन भी कार्यकर्ता धरने पर डटे रहे।
अभाविप कार्यकर्ताओं के अनुसार अपर जिलाधिकारी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी और पुलिस अधिकारियों के पहुंचने के बावजूद संगठन अपनी मांगों पर कायम रहा। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक जिलाधिकारी स्वयं आकर ज्ञापन स्वीकार नहीं करते और मांगों के समाधान की दिशा में कार्रवाई नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरने के चौथे दिन कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष एवं कंप्यूटर कक्ष में ताला लगाने की कार्रवाई भी की। इस दौरान शिक्षकों को लेकर नारेबाजी की गई और प्रतीकात्मक रूप से “एक पोहा-एक चाय” कार्यक्रम के तहत पोहा खिलाया गया।
छात्र नेता कार्तिकेय गुप्ता ने चेतावनी दी कि यदि जिलाधिकारी छात्रों का ज्ञापन लेने नहीं पहुंचते हैं तो अभाविप बांदा में बड़े आंदोलन का आह्वान करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने आंदोलन के लिए जिला प्रशासन को जिम्मेदार ठहराने की बात कही।
धरने में स्नेहा नामदेव, प्रतिभा अग्निहोत्री, सुरभी, अंशिका, कृति, रीता, हिमांशी, रीतिका, रूपाली, सुभाष त्रिपाठी, युवराज सिंह, अभय साहू, समीर सिंह, ओम सिंह, हर्ष सिंह, आयुष, दिलीप यादव, शैलेंद्र दीक्षित, प्रवीण त्रिवेदी, सतेंद्र सिंह, अभय सोनी, हिमांश श्रीवास, अंजने, अम्ब्रिका, शिवम, अनुज, हर्षित, प्रवीण, हेमंत विश्वकर्मा, उत्सव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं छात्र मौजूद रहे।


