- सीआरएम योजना के तहत “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर मिलेगा लाभ
- कृषि विभाग ने किसानों से समय रहते आवेदन करने की अपील की
बठिंडा से सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार एवं साहिल रहेजा की रिपोर्ट।
बठिंडा, 30 सितंबर। धान की पराली और फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने सीआरएम (क्रॉप रेजिड्यू मैनेजमेंट) योजना के तहत खेती की मशीनरी पर सब्सिडी देने का फैसला किया है। योजना का लाभ फिलहाल अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के पात्र किसान उठा सकेंगे।
चीफ एग्रीकल्चर ऑफिसर बठिंडा डॉ. हरप्रीत पाल कौर ने बताया कि योजना के तहत पात्र किसानों को सब्सिडी “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर दी जाएगी। इच्छुक किसान विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे बिना देरी किए ऑनलाइन आवेदन करें, ताकि उन्हें योजना का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसान पराली प्रबंधन के लिए आवश्यक कृषि मशीनरी भी समय रहते खरीद लें। इससे आगामी धान सीजन में पराली को जलाने के बजाय खेत में ही जोतकर अथवा उचित तरीके से स्टोर कर उसका प्रबंधन किया जा सकेगा।
कृषि अधिकारी ने कहा कि पराली जलाने से वातावरण प्रदूषित होने के साथ लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। इसके अलावा खेत की मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और मिट्टी में मौजूद लाभकारी जीव-जंतुओं को भी नुकसान पहुंचता है। ऐसे में किसानों को पराली जलाने से बचते हुए वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल तरीके से फसल अवशेषों का प्रबंधन करना चाहिए।
किसानों से अपील की गई है कि वे सरकार की इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और पराली प्रबंधन में सहयोग करें। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान अपने संबंधित ब्लॉक कृषि कार्यालय अथवा चीफ एग्रीकल्चर ऑफिसर कार्यालय, बठिंडा से संपर्क कर सकते हैं।
बठिंडा से सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार एवं साहिल रहेजा की रिपोर्ट।


