- 112 पर कॉल और 7508009080 पर WhatsApp के जरिए पुलिस से ली जा सकती है मदद
- डीसी ने कहा—ऐसी गतिविधियों से दूर रहें, जिनका पढ़ाई और भविष्य पर पड़े नकारात्मक असर
रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा
बठिंडा, 30 सितंबर। महाराजा रणजीत सिंह पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी में बुधवार को डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान और एसएसपी बठिंडा सुहैल कासिम मीर ने स्टूडेंट्स से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें मुश्किल परिस्थितियों में सही कदम उठाने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि स्टूडेंट्स को किसी भी परेशानी में घबराने या चुप रहने के बजाय अपने शिक्षकों, अभिभावकों, प्रशासन अथवा पुलिस से संपर्क करना चाहिए।
डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने कहा कि जिला प्रशासन युवाओं और स्टूडेंट्स के साथ लगातार संपर्क स्थापित कर रहा है, ताकि उनकी समस्याओं को समझकर उन्हें उचित मार्गदर्शन दिया जा सके। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन भविष्य की मजबूत नींव रखने का महत्वपूर्ण समय है। ऐसे में युवाओं को अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।
उन्होंने स्टूडेंट्स से अपील की कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि या आंदोलन का हिस्सा न बनें, जिसका उनकी पढ़ाई या भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में चुप रहने के बजाय शिक्षक, माता-पिता या प्रशासन से बातचीत करना चाहिए, क्योंकि समय पर मिली मदद कई परेशानियों से बचा सकती है।
किसी भी घटना पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें
एसएसपी सुहैल कासिम मीर ने कहा कि कई बार बच्चों को अपने अधिकारों और पुलिस से मिलने वाली सहायता की जानकारी नहीं होती। उन्होंने स्टूडेंट्स से कहा कि किसी भी छोटी या बड़ी घटना की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में 112 पर कॉल की जा सकती है। इसके अलावा 7508009080 पर WhatsApp के माध्यम से भी पुलिस से संपर्क किया जा सकता है। एसएसपी ने कहा कि यदि कोई छात्र खुद को किसी मुश्किल परिस्थिति में महसूस करता है या उसके साथ कोई घटना होती है, तो उसे बिना झिझक पुलिस हेल्पलाइन की मदद लेनी चाहिए।
कार्यक्रम में महाराजा रणजीत सिंह पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. संजीव कुमार शर्मा, रजिस्ट्रार प्रो. परमजीत सिंह, डीएसपी गुरप्रीत सिंह सहित विश्वविद्यालय और पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा


