- मीट एंड ग्रीट अभियान के तहत एआरटीओ और यातायात पुलिस की सघन जांच, फिटनेस-परमिट से लेकर अग्नि सुरक्षा और ब्रीथ एनालाइजर से हुई जांच
फ़र्रूख़ाबाद। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी पालन को लेकर चलाए जा रहे “मीट एंड ग्रीट अभियान” के तहत एआरटीओ और यातायात पुलिस ने बसों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया। 27 सितंबर 2026 से अब तक 40 बसों के चालान किए जाने के साथ सीज करने की कार्रवाई की गई है।
फिटनेस, परमिट और बीमा समेत दस्तावेजों की जांच
अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश तथा परिवहन आयुक्त के निर्देश और पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक, फतेहगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान बसों की सघन जांच की गई। अधिकारियों ने फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, नंबर प्लेट सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन किया।
जांच के दौरान बसों में लगे प्रेशर हॉर्न, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, अग्नि सुरक्षा उपकरण और एडीएएस जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी परखा गया।
ब्रीथ एनालाइजर से चालकों-परिचालकों की जांच
अभियान के दौरान चालकों और परिचालकों का ब्रीथ एनालाइजर से परीक्षण भी किया गया, ताकि नशे की हालत में वाहन चलाने की संभावना की जांच की जा सके। यात्रियों को भी सुरक्षित यात्रा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
चालकों एवं परिचालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जांच, प्रवर्तन और जन-जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।


