- परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र समेत दस्तावेजों की जांच
- चालकों-परिचालकों को ओवरलोडिंग और मोबाइल इस्तेमाल से बचने की हिदायत
रामपुर। अपर पुलिस महानिदेशक, यातायात/सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं पुलिस अधीक्षक रामपुर के निर्देशन में ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान के तहत यातायात पुलिस रामपुर द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बसों की सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, चालक एवं परिचालक के आवश्यक दस्तावेज, निर्धारित यात्री क्षमता समेत अन्य यातायात मानकों की जांच की गई।
जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने बस संचालकों एवं चालक-परिचालकों को यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
महिला यात्रियों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर
अभियान के दौरान बस चालकों एवं परिचालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। महिला यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और आपातकालीन सेवा 112 समेत महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।
बसों में फर्स्ट-एड किट रखना अनिवार्य
यात्रियों को आकस्मिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बसों में फर्स्ट-एड किट की उपलब्धता एवं उसकी स्थिति की भी जांच की गई। बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि फर्स्ट-एड किट अनिवार्य रूप से बस में उपलब्ध रहे और जरूरत पड़ने पर उपयोग योग्य स्थिति में हो।
यातायात पुलिस रामपुर ने यात्रियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी असुविधा या आपात स्थिति में संबंधित हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त करें।


