जनता दर्शन में दिव्यांगजनों को मिली ‘सहारे की सवारी’

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • डीएम ने चार लाभार्थियों को वितरित की ट्राई साइकिल, योजनाओं का लाभ समय से दिलाने के निर्देश

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता

रामपुर। जनता दर्शन में फरियाद लेकर पहुंचे दिव्यांगजनों के लिए बुधवार का दिन राहत और उम्मीद लेकर आया। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की योजना के तहत जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने चार पात्र दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की। ट्राई साइकिल मिलते ही लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी नजर आई।

ट्राई साइकिल पाने वालों में ज्वाला नगर के शाहरून, नालापार के बाबू खां, फरसिखान के फरहान और स्वार के मो. यासीन शामिल रहे। लाभार्थियों ने बताया कि ट्राई साइकिल मिलने से उनके आवागमन में काफी सहूलियत होगी और रोजमर्रा के कामों के लिए दूसरों पर निर्भरता भी कम होगी।

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र दिव्यांगजनों तक पहुंचाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए।

कार्यालयों के चक्कर न लगाएं लाभार्थी

डीएम ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी प्रतिभा पाल को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। पात्र लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

ट्राई साइकिल मिलने पर लाभार्थियों ने जिला प्रशासन और दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के प्रति आभार जताया। प्रशासन की इस पहल से दिव्यांगजनों के लिए सुविधा के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और कदम बढ़ा है।

[wps_visitor_counter]