भगत सिंह की जयंती पर नील गर्ग ने अर्पित की श्रद्धांजलि

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • आर्य समाज चौक पर प्रतिमा पर पुष्पांजलि, युवाओं से शहीद भगत सिंह के विचारों को अपनाने की अपील
  • बोले नील गर्ग—भगत सिंह केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, युवाओं और पंजाब की विरासत के लिए प्रेरणा

रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा

बठिंडा, 29 सितंबर। शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती के अवसर पर पंजाब मीडियम इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन नील गर्ग ने अपनी टीम के साथ आर्य समाज चौक, बठिंडा पहुंचकर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर नील गर्ग ने कहा कि भगत सिंह को याद करने का अर्थ केवल उनकी प्रतिमा पर फूल चढ़ाना नहीं है, बल्कि उनके विचारों और सोच को अपने जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने बेहद कम उम्र में अपना जीवन देश के लिए समर्पित कर दिया था और देशवासियों को आजादी के साथ न्याय, समानता, शिक्षा, वैज्ञानिक सोच तथा मानवीय सम्मान का संदेश दिया।

नील गर्ग ने कहा कि आज आवश्यकता है कि पंजाब की युवा पीढ़ी भगत सिंह की छवि तक सीमित न रहे, बल्कि उनके विचारों, पुस्तकों, शिक्षा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समाज के प्रति जिम्मेदारी को भी समझे। उन्होंने कहा, “शहीद कभी नहीं मरते, वे हमेशा अपने विचारों के माध्यम से जीवित रहते हैं। भगत सिंह हमारे लिए केवल इतिहास का एक पन्ना नहीं, बल्कि युवाओं और पंजाब की विरासत के लिए प्रेरणा हैं।”

कार्यक्रम में बठिंडा से पार्षद एवं रामगढ़िया वेलफेयर बोर्ड की सीनियर वाइस चेयरपर्सन मंदीप कौर रामगढ़िया, मैडम रितु सवेरा, ट्री लवर सोसाइटी के सलिल बंसल, मंगल गोयल, स्माइल एनजीओ के नवीन, चमन लाल हैप्पी, नवी शाह तथा सनातन सेवा समिति के जोनल इंचार्ज जीतपाल शर्मा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

सभी उपस्थित लोगों ने शहीद भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।

 

[wps_visitor_counter]