- 328 किसानों के खातों में पहुंचे ₹23.10 लाख, 131.862 हेक्टेयर फसल क्षति के सापेक्ष जारी हुई राहत राशि
शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता
रामपुर। जिले में 26 और 27 सितंबर को हुई अतिवृष्टि से प्रभावित परिवारों और किसानों को जिला प्रशासन ने राहत राशि उपलब्ध करानी शुरू कर दी है। अतिवृष्टि के कारण जिले में 40 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए थे। प्रशासन के अनुसार सभी प्रभावित परिवारों को एसडीआरएफ मानकों के तहत कुल 1.60 लाख रुपये की सहायता राशि का भुगतान किया जा चुका है।
328 किसानों को अब तक मिली राहत
फसल क्षति के मामलों में अब तक 328 किसानों के बैंक खातों में 23 लाख 10 हजार 592 रुपये की राहत राशि भेजी जा चुकी है। यह सहायता 131.862 हेक्टेयर प्रभावित कृषि भूमि के सापेक्ष जारी की गई है। प्रशासन ने बताया कि अभी कुछ प्रभावित किसान राहत राशि से वंचित हैं, जिन्हें नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।
सर्वेक्षण में तेजी के निर्देश
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सभी उप जिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देश दिए हैं कि लेखपालों और संबंधित विभागीय अधिकारियों के माध्यम से फसल क्षति का सर्वेक्षण तेजी से पूरा कराया जाए। उन्होंने सर्वेक्षण के आधार पर अद्यतन आंकड़े जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण प्रक्रिया में पात्र किसानों को चिन्हित कर उन्हें नियमानुसार राहत राशि का भुगतान समय से सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की ओर से शेष प्रभावित किसानों तक राहत पहुंचाने की कार्रवाई जारी है।


