मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण, महिला शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन पर दिया जोर
  • हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना सिविल लाइन्स स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्र पर प्राप्त महिला संबंधी शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध विधिक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान महिला अपराधों की रोकथाम तथा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ प्रभावी कार्रवाई की जाए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पीड़ित महिलाओं को आवश्यक सहायता एवं विधिक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा की जाए। किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो और पीड़ित को समय से आवश्यक सहायता मिल सके, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा के लिए उपलब्ध हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि महिला हेल्पलाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में लोगों को जानकारी दी जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए।

मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

[wps_visitor_counter]