अजीतपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • नवंबर 2025 में हुई थी शादी, पति समेत चार ससुरालियों पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप
  • भाई को फोन कर दी गई मौत की सूचना, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई करेगी पुलिस

रामपुर। अजीतपुर में रविवार शाम एक 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सुनीता के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति समेत चार ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट के बाद हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। सोमवार सुबह पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।

शादी के बाद से दहेज को लेकर परेशान करने का आरोप

मायके पक्ष के अनुसार सुनीता की शादी 24 नवंबर 2025 को अजीतपुर निवासी जितेंद्र के साथ हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर सुनीता को परेशान करते थे। सुनीता के तहेरे भाई सैनी ने पति जितेंद्र, जेठ सचिन, जेठानी रजनी और सास सुंदरिया पर मारपीट करने तथा हत्या करने का आरोप लगाया है।

भाई के मोबाइल पर आया फोन, शव मिलने से मचा हड़कंप

सुनीता के सगे भाई अरविंद ने बताया कि रविवार शाम करीब सात बजे उसके मोबाइल पर फोन आया। फोन करने वाले ने उसे बहन का शव उठाकर ले जाने के लिए कहा। जानकारी मिलने के बाद अरविंद ने परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी और परिजन अजीतपुर पहुंचे। वहां सुनीता का शव मिला।

परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

थाना प्रभारी निरीक्षक ओंकार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को मोर्चरी में रखवाया गया था और सोमवार सुबह पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना के संबंध में पति जितेंद्र समेत अन्य ससुरालीजनों ने कुछ भी बोलने से इनकार किया है।

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता

[wps_visitor_counter]