- लगातार बारिश से कमजोर हुईं कच्ची दीवारें, हादसे में टली जनहानि
- राजस्व विभाग की टीम करेगी नुकसान का आकलन, मुआवजे की उम्मीद
शाहबाज खां, जिला संवाददाता
रामपुर। थाना खजुरिया क्षेत्र के ग्राम पदपुरी में पिछले 24 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते एक किसान का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। देर रात अचानक मकान गिरने से घर में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। हालांकि मकान में रखा घरेलू सामान मलबे में दब गया, जिससे पीड़ित किसान को करीब 40 से 50 हजार रुपये तक का नुकसान होने का अनुमान है।
ग्राम प्रधान राजेश कुमार के अनुसार गांव निवासी घनश्याम श्रीवास्तव पुत्र दीनानाथ का कच्चा मकान था, जिस पर तीन सेट डला हुआ था। लगातार हो रही बारिश के कारण कच्ची दीवारों में पानी भर गया और उनकी पकड़ कमजोर हो गई। देर रात अचानक दीवारें भरभराकर गिर गईं और देखते ही देखते मकान का एक हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया।
पीड़ित किसान घनश्याम श्रीवास्तव ने बताया कि मकान गिरने से घर में रखा घरेलू सामान दब गया। उन्होंने बताया कि हादसे में करीब 40 से 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी ग्राम प्रधान को दी गई, जिसके बाद प्रधान ने राजस्व विभाग को मामले से अवगत कराया।
ग्राम प्रधान ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर क्षति का आकलन करेगी। रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों में रह रहे ग्रामीणों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


