- पशुधन कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण, निराश्रित गोवंश की समस्या पर नियंत्रण की कवायद
रिपोर्ट। शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। निराश्रित गोवंश की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के साथ गायों में बछिया के जन्म को बढ़ावा देने के लिए पशुपालन विभाग ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में 26 सितंबर को पशुधन विकास परिषद, लखनऊ की ओर से मुरादाबाद के विकास भवन सभागार में वर्गीकृत वीर्य से कृत्रिम गर्भाधान एवं उसके रखरखाव को लेकर प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण में रामपुर के पशुचिकित्साधिकारी डॉ. अजीत सिंह, डॉ. साक्षी सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी हरिओम कुमार समेत नाजिम अली, शिवराज राणा, रामबहादुर, मोअस्सर अली, रेनू आर्या, अजय कुमार, सुनील कुमार और नितिन कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षित पशुधन कर्मी अब अपने-अपने पशुचिकित्सालयों पर इस तकनीक का उपयोग करेंगे। इसके साथ ही पशुपालकों को वर्गीकृत वीर्य से कृत्रिम गर्भाधान कराने के लिए जागरूक और प्रेरित किया जाएगा।
विभाग के अनुसार, वर्गीकृत वीर्य तकनीक के माध्यम से मादा बछड़ों के जन्म को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। इसका एक उद्देश्य नर बछड़ों की संख्या में कमी लाकर भविष्य में निराश्रित गोवंश की समस्या को नियंत्रित करने में सहयोग करना भी है।
पशुपालकों से विभागीय केंद्रों पर ही संपर्क की अपील
मुख्य पशुचिकित्साधिकारी अश्विनी कुमार ने पशुपालकों से अपील की है कि गायों में गर्भाधान के लिए पशुचिकित्सालयों के माध्यम से वर्गीकृत सीमेन का ही प्रयोग कराएं। उन्होंने पशुपालकों से विभागीय पशुचिकित्सालयों के माध्यम से उपलब्ध तकनीकी सुविधा का लाभ उठाने को कहा।
रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता


