यूपी में बारिश और फ्लैश फ्लड का अलर्ट

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • 26-27 सितंबर को 8 जिलों में रेड अलर्ट, 32 जिलों में फ्लैश फ्लड का खतरा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर एक बार फिर गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर को रेड अलर्ट के दायरे में रखा गया है।

लगातार और तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव के साथ नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सतर्क रहने को कहा गया है।

32 जिलों में अचानक बाढ़ का खतरा

26 सितंबर को प्रदेश के 32 जिलों में फ्लैश फ्लड यानी आकस्मिक बाढ़ की संभावना जताई गई है। इनमें आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज समेत कई जिले शामिल हैं।

इसके अलावा लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच और सीतापुर भी फ्लैश फ्लड के संभावित खतरे वाले जिलों में शामिल हैं। अचानक तेज बारिश होने पर निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं।

सीएम योगी के निर्देश, फील्ड में उतरेंगे अधिकारी

अतिवृष्टि की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड में उतरकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावित परिवारों तक हर संभव सहायता पहुंचाने पर भी जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने लोगों से आकाशीय बिजली और अत्यधिक बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही नदियों और जलाशयों में स्नान करने से बचने तथा विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

प्रशासन अलर्ट, लोगों से सावधानी की अपील

बारिश के दौरान लोगों को निचले इलाकों और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की सलाह दी गई है। नदी, नाले और जलाशयों के पास जाने से बचने के साथ ही आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों पर न रुकने की अपील की गई है।

नेशन स्टेशन न्यूज़ | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]