किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू का तहसील सदर में प्रदर्शन

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

 

  • तहसील दिवस की तर्ज पर हर माह होगा किसान संवाद समाधान दिवस
  • अधिकारियों ने धरना स्थल पर पहुंचकर सुनीं किसानों की समस्याएं, ज्ञापन लिया

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने तहसील सदर में प्रदर्शन कर धरना दिया। इस दौरान संगठन ने किसानों की समस्याओं को तहसील स्तर पर नियमित रूप से उठाने और उनके समाधान के लिए नई पहल का ऐलान किया।

जिलेभर के भाकियू कार्यकर्ता प्रदेश कैंप कार्यालय पर एकत्र हुए। इसके बाद प्रदेश महासचिव हसीब अहमद के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील सदर पहुंचे। यहां कुछ देर प्रदर्शन करने के बाद किसान धरने पर बैठ गए।

धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश महासचिव हसीब अहमद ने कहा कि तहसील दिवस की तर्ज पर अब हर महीने तहसीलवार किसान संवाद समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा। इसमें किसानों की समस्याओं को सुना जाएगा और संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

धरने की जानकारी मिलने पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार और तहसील के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याएं सुनीं और उनका ज्ञापन प्राप्त किया।

स्कूल निर्माण से लेकर बिजली आपूर्ति तक उठीं समस्याएं

किसानों ने ज्ञापन में बताया कि बागी गांव में फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान सरकारी स्कूल को तोड़ दिया गया था, लेकिन अभी तक विद्यालय का पुनर्निर्माण नहीं कराया गया है। किसानों ने विद्यालय का निर्माण जल्द कराने की मांग की।

इसके अलावा सदर क्षेत्र के बदुल्लापुर, मिलक मिर्जापुर, धनूपुरा और कुर्कीखेड़ा समेत विभिन्न गांवों में विद्युत आपूर्ति सुचारू कराने की मांग रखी गई। करीमपुर शर्की निवासी विशेष कुमार की पैमाइश कराने की मांग भी उठाई गई। किसानों ने पूर्ति विभाग से संबंधित शिकायतें भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।

इस अवसर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के महासचिव दरबारी लाल शर्मा, जिला अध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, जिला महासचिव मोहम्मद तालिब सहित जगबीर सिंह, मोहम्मद मुस्तकीम, तजम हुसैन मुजक्किर, राजीव, अमन आकाश, रामपाल सिंह, राम बहादुर यादव, मौसम, विनोद यादव, मोहित, मजहर अली लाल, साबिर अली, रवि तनवीर, अजीत, फरीद, भूरा, कुणाल, यूनुस, विक्रांत, भारत सिंह यादव, राजपाल सिंह यादव, राहत अली खान, दानिश, बाल किशोर पांडे, विशेष पांडे, रोहित, बाबूराम, सिद्ध नेताजी, जसवंत सिंह, जाहिद नेताजी और रईस अहमद समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]