- विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के दिए निर्देश
- सैदनगर में दो महिलाओं की गोद भराई और दो शिशुओं का कराया अन्नप्राशन
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को चमरौआ और सैदनगर विकासखंड में विकास प्रदर्शनी एवं बहुउद्देशीय विभागीय स्टॉलों का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर प्रदर्शनी और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र लाभार्थियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली।
प्रदर्शनी में स्वास्थ्य, कृषि, ग्राम्य विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण, पंचायती राज और शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। सीडीओ ने स्टॉलों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़कर उन्हें समय से लाभ दिलाया जाए।
गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम में शामिल हुए सीडीओ
सैदनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र ने दो महिलाओं की गोद भराई और दो शिशुओं का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने कहा कि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की योजनाओं का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य और पोषण को मजबूत करना है।
सीडीओ ने अधिकारियों से कहा कि विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले ऐसे शिविरों को प्रभावी बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों तक सरकारी योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी पहुंच सके। उन्होंने पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया।


