सेवा सेतु अभियान के तहत चमरौआ में विकास प्रदर्शनी और बहुउद्देशीय सेवा शिविर

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • एक ही स्थान पर मिल रही सरकारी योजनाओं की जानकारी, पात्र लाभार्थियों को मौके पर सेवाओं से जोड़ने की पहल

रामपुर। सेवा सेतु अभियान के तहत विकासखंड चमरौआ में विकास प्रदर्शनी एवं सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर का आयोजन किया गया। सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।

“सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वारा” थीम पर आयोजित शिविर का उद्घाटन विकासखंड चमरौआ की ब्लॉक प्रमुख हरिबाला यादव ने फीता काटकर किया। विकास प्रदर्शनी में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।

ब्लॉक प्रमुख ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि इस तरह की प्रदर्शनियां आमजन के लिए उपयोगी हैं। एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिलने से लोगों को योजनाओं को समझने और उनका लाभ लेने में सुविधा होगी।

इसके बाद ब्लॉक प्रमुख ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए सेवा शिविर और स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली।

कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। वहीं क्षय रोग से पीड़ित मरीज को पोषण किट प्रदान की गई तथा गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी संपन्न कराई गई।

सात दिवसीय शिविरों में एक जगह मिलेंगी कई सेवाएं

सेवा सेतु अभियान के तहत जनपद के प्रत्येक विकासखंड स्तर पर सात दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर एवं विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। शिविरों में स्वास्थ्य मेला आयोजित करने के साथ केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए मौके पर आवेदन, दस्तावेजों की जांच और पात्रता सत्यापन जैसी प्रक्रियाएं भी की जा रही हैं। विभिन्न विभाग अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास कर रहे हैं।

अभियान का उद्देश्य पात्र लोगों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहने देना है। सात दिवसीय शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है।

[wps_visitor_counter]