- डोर-टू-डोर अभियान में मुफ्त बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार योजनाओं की दी जानकारी
- बोले- साढ़े चार साल में पंजाब सरकार ने हर वर्ग के लिए किए विकास कार्य
सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा
रामपुरा फूल, 22 सितंबर। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए रामपुरा फूल विधानसभा क्षेत्र में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विधायक बलकार सिद्धू ने क्षेत्र के लोगों के घरों तक पहुंचकर उनसे संवाद किया और सरकार की ओर से किए जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी साझा की।
बलकार सिद्धू ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ हर परिवार तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में पंजाब सरकार ने आम लोगों की सुविधाओं और राज्य के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
मुफ्त बिजली से लेकर स्वास्थ्य सुविधाओं तक का किया जिक्र
जनसंपर्क अभियान के दौरान बलकार सिद्धू ने लोगों को सरकार की मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 600 यूनिट तक मुफ्त बिजली की सुविधा से बड़ी संख्या में परिवारों के बिजली बिल शून्य आ रहे हैं।
उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में मोहल्ला क्लीनिक और परिवारों के लिए 10 लाख रुपये तक के मुफ्त मेडिकल इंश्योरेंस सहित विभिन्न सुविधाओं का उल्लेख किया। शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल ऑफ एमिनेंस, खेल सुविधाओं तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों से जुड़ी सरकार की योजनाओं की भी जानकारी लोगों को दी गई।
सड़क, जल निकासी और भ्रष्टाचार-मुक्त प्रशासन पर भी जोर
अभियान के दौरान सड़क निर्मण, पानी की निकासी, बाजारों के सुधार और आम लोगों को घर बैठे सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की गई। विधायक ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने सरकार की ओर से किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं भी साझा कीं। जनसंपर्क अभियान में स्थानीय कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों की मौजूदगी रही।


