कार की टक्कर से पेड़ से जा टकराया ई-रिक्शा, चालक की दर्दनाक मौत

Picture of nationstationnews

nationstationnews

  • तेज रफ्तार कार ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, हादसे के बाद मकान में जा घुसी कार; चालक फरार

अरविंद श्रीवास्तव, जिला संवाददाता

बदौसा (बांदा)। थाना क्षेत्र के महुराई अंश दुवरिया में सोमवार सुबह करीब आठ बजे तेज रफ्तार कार की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार की पीछे से टक्कर लगने के बाद ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पेड़ से टकराकर चकनाचूर हुआ ई-रिक्शा

जानकारी के मुताबिक, अमरजीत उर्फ मंजू (35) पुत्र हरिप्रसाद पटेल ई-रिक्शा लेकर महुराई गांव से बदौसा की ओर आ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ई-रिक्शा सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतर्रा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद मकान में जा घुसी कार, चालक फरार

ई-रिक्शा को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित कार भी सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बदौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अमरजीत परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य बताया जा रहा है। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है।

परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने और फरार कार चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर फरार चालक की तलाश में जुटी है।

[wps_visitor_counter]