बंदरों का आतंक बना जानलेवा, छत से गिरकर छात्रा की दर्दनाक मौत

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • फर्रुखाबाद के नरकसा मोहल्ले में हादसा, बंदरों से बचने के दौरान दूसरी मंजिल से गिरी छात्रा
  • अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, लंबे समय से बंदरों के आतंक का आरोप

संवाददाता — मोहम्मद इसरार, फर्रुखाबाद

फर्रुखाबाद। थाना कादरीगेट क्षेत्र के मोहल्ला नरकसा में बंदरों का आतंक उस वक्त जानलेवा साबित हो गया, जब बंदरों के हमले से बचने की कोशिश में एक छात्रा दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल छात्रा को परिजन आनन-फानन में राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया जा रहा है कि छात्रा स्कूल से घर पहुंची थी और मकान की दूसरी मंजिल पर गई थी। इसी दौरान वहां मौजूद बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घबराई छात्रा बंदरों से बचने का प्रयास करने लगी और इसी दौरान वह छत से नीचे जा गिरी।

हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घायल छात्रा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

छात्रा की मौत की खबर फैलते ही पूरे इलाके में मातम के साथ आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोहल्ले में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है। लोगों का कहना है कि बंदरों की समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण समस्या गंभीर होती चली गई।

स्थानीय लोगों ने बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए नगर पालिका और प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

बाइट — सुनील चौहान, मृतक छात्रा के पिता

[wps_visitor_counter]