- 14 जिलों को मिले नए डीएम, प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल
- रामपुर के ADM प्रशासन नितिन मदान का भी तबादला, अब YEIDA में संभालेंगे अहम जिम्मेदारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने 34 आईएएस अधिकारियों का तबादला करते हुए 14 जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की है। देर रात जारी तबादला सूची के बाद प्रदेश की प्रशासनिक मशीनरी में व्यापक बदलाव देखने को मिला है।
रामपुर के ADM प्रशासन नितिन मदान का ट्रांसफर
तबादला सूची में रामपुर के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नितिन मदान का नाम भी शामिल है। शासन ने उनका तबादला करते हुए उन्हें अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) की जिम्मेदारी सौंपी है।
नितिन मदान के तबादले के बाद रामपुर के प्रशासनिक अमले में भी बदलाव हुआ है। अब उनकी जगह नई तैनाती को लेकर प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हो गई है।
14 जिलों में बदले गए जिलाधिकारी
शासन के बड़े फेरबदल में प्रदेश के 14 जिलों के डीएम बदले गए हैं। इनमें मुरादाबाद, हरदोई, एटा, अमेठी, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर शामिल हैं।
तबादलों के जरिए कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। वहीं कुछ अधिकारियों को विकास प्राधिकरणों और शासन के महत्वपूर्ण पदों पर भेजा गया है। इस फेरबदल को प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है।


