- तीन शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, दिल्ली-बरेली तक फैले नेटवर्क की जांच
- आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस, अन्य साथियों की तलाश तेज
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। शहर कोतवाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की 15 मोटरसाइकिलें बरामद करने का दावा किया है। बरामद वाहनों में पांच के संबंध में चोरी के मुकदमों की जानकारी सामने आ चुकी है। इनमें दिल्ली और बरेली में दर्ज मामलों का भी पता चला है।
रामपुर से शाहबाज़ खान की रिपोर्ट
दिल्ली से बाइक चोरी कर रामपुर में बेचने का आरोप
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद शारिक, कयूम अली और रफत अली के रूप में हुई है। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि आरोपी दिल्ली से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में सस्ते दामों पर बेचते थे। खरीदारों को बाइक के कागजात बाद में उपलब्ध कराने और रजिस्ट्रेशन कराने का भरोसा दिए जाने की बात भी पुलिस ने बताई है।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास है और वे पहले भी वाहन चोरी सहित अन्य मामलों में जेल जा चुके हैं।
दिल्ली-बरेली पुलिस से संपर्क, नेटवर्क की पड़ताल
पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसोदिया के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक अनुराग सिंह, सीओ सिटी अभिषेक, कोतवाली नगर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम कई दिनों से वाहन चोर गिरोह की तलाश में जुटी थी। संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 15 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
अब पुलिस बरामद बाइकों को उनके मूल चोरी के मुकदमों से जोड़ने में जुटी है। दिल्ली और बरेली पुलिस से संपर्क कर वाहनों के चोरी होने की जगह और मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में लगी है कि गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं और चोरी के वाहनों को खपाने में किन लोगों की भूमिका रही है।
एसपी के मुताबिक मामले की गहन विवेचना जारी है। जांच में गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
बाइट : अनिल कुमार सिसोदिया, एसपी रामपुर
रिपोर्ट : शाहबाज़ खान, रामपुर
Nation Station News | nationstationnews.com


