- गौवंशीय पशु के वध की फिराक में होने का पुलिस का दावा, तमंचा-कारतूस व पशु काटने के उपकरण बरामद
- अंधेरे का फायदा उठाकर साथी फरार, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की तलाश
रामपुर। रिपोर्ट—शाहबाज़ खां।
रामपुर। थाना मिलक पुलिस ने चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी नदीम पुत्र लतीफ निवासी ग्राम भैसौड़ी, थाना मिलक है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भौनकपुर से कुंदनपुर जाने वाले रास्ते पर नहर की पुलिया के पास एक टेंपो में दो व्यक्ति गौवंशीय पशु के वध की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी शुरू की।
पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें नदीम के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
तमंचा और कारतूस समेत उपकरण बरामद
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, नाल में फंसा खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने मौके से कुल्हाड़ी, लकड़ी का गुटका, चापड़, चार छुरी, दो रेती, तीन प्लास्टिक के कट्टे और एक टेंपो बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार नदीम थाना मिलक का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रामपुर के अलावा बिजनौर और बहराइच में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, लूट और गोवध से संबंधित मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है।
मामले में थाना मिलक पर मु0अ0सं0 314/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस तथा 3/25/27 आयुध अधिनियम में नदीम और उसके फरार साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बाइट—पीतम पाल सिंह, क्षेत्राधिकारी मिलक, रामपुर


