नर्सिंग होम पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, तीन अस्पतालों में छापेमारी

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

 

  • ग्लोबल इंडिया और लखदातार नर्सिंग होम सील, जय माता दी हॉस्पिटल में नहीं मिला डॉक्टर

फर्रुखाबाद। संवाददाता मोहम्मद इसरार।

जिले में स्वास्थ्य संस्थानों के संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने जसमई-पचपुखरा क्षेत्र में तीन नर्सिंग होम पर छापेमारी कर दस्तावेजों और स्वास्थ्य सेवाओं की जांच की। कार्रवाई की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

दो नर्सिंग होम पर सील की कार्रवाई

सिटी मजिस्ट्रेट और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्लोबल इंडिया नर्सिंग होम तथा लखदातार नर्सिंग होम का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान दोनों संस्थानों के पास आवश्यक लाइसेंस उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद दोनों नर्सिंग होम को सील करने की कार्रवाई की गई।

जय माता दी हॉस्पिटल में डॉक्टर नहीं मिला

टीम ने पचपुखरा स्थित जय माता दी हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान मौके पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। टीम के मुताबिक अस्पताल संचालक योगेश कुमार द्वारा मरीजों का इलाज किए जाने की जानकारी सामने आई। वहीं इलाज से संबंधित आवश्यक अभिलेख भी जांच टीम के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में पांच मरीज भर्ती मिले। टीम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं और संबंधित दस्तावेजों के संबंध में जानकारी जुटाई।

जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अन्य नर्सिंग होम संचालकों में भी हड़कंप की स्थिति है। अधिकारियों ने कहा कि जांच में सामने आए तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: मोहम्मद इसरार, फर्रुखाबाद

Nation Station News | nationstationnews.com

[wps_visitor_counter]