- पत्रकारों के सवाल पर डीएम को जांच के निर्देश, बोलीं—गलत काम की सूचना दें, होगी कार्रवाई
रामपुर। रिपोर्ट—शाहबाज खां।
मुरादाबाद मंडल आयुक्त संगीता सिंह शुक्रवार को रामपुर पहुंचीं। उन्होंने कलेक्ट्रेट में रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न मामलों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के बाद मंडल आयुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान पत्रकारों ने रामपुर में आरडीए क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध कॉलोनियों के निर्माण और नियमों के विपरीत भवन निर्माण कराए जाने से संबंधित सवाल उठाया।
सवाल के जवाब में मंडल आयुक्त संगीता सिंह ने जिलाधिकारी को मामले का संज्ञान लेने और पूरे प्रकरण की जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीएम मामले को नोट करें और दिखवाएं कि वास्तविक स्थिति क्या है। यदि कहीं नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
समस्या की जानकारी सीधे देने की अपील
कमिश्नर ने पत्रकारों से कहा कि रामपुर में यदि किसी तरह की समस्या अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी सामने आती है तो उसे उनके संज्ञान में लाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी सूचनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि आरडीए से जुड़े मामलों में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
बाइट : संगीता सिंह, मंडल आयुक्त, मुरादाबाद मंडल


