- एंटी करप्शन टीम ने दौड़ाकर पकड़ा, PGI की वृंदावन पुलिस चौकी में था तैनात
- वाहन छोड़ने के नाम पर मांगी थी घूस
- शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल, भागने की कोशिश में धराया दरोगा
न्यूज़ डेस्क
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए एक सब-इंस्पेक्टर (SI) को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी दरोगा PGI थाना क्षेत्र की वृंदावन पुलिस चौकी में तैनात था। कार्रवाई के दौरान दरोगा ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें
कांशीराम आवास योजना में अवैध कब्जों पर प्रशासन सख्त, 42 आवासों में रहने वालों को नोटिस
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता का एक वाहन पुलिस द्वारा सीज किया गया था। आरोप है कि वाहन छोड़ने के एवज में दरोगा ने 13 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की, जिसके बाद पूरे मामले की सत्यापन प्रक्रिया की गई। आरोप सही पाए जाने पर टीम ने जाल बिछाया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही दरोगा ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, एंटी करप्शन टीम ने उसे पकड़ने की कोशिश की। खुद को फंसता देख दरोगा मौके से भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे कुछ ही दूरी पर धर दबोचा। उसके पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई।
यह भी पढ़ें
मुरादाबाद में रेलवे अतिक्रमण हटाओ अभियान पर बवाल, चार घंटे चला हंगामा, तीन दुकानें सील
गिरफ्तारी के बाद आरोपी दरोगा को थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एंटी करप्शन अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर अन्य बिंदुओं की भी पड़ताल की जाएगी।
इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वहीं, एंटी करप्शन टीम ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी स्तर पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें
UFBU ने आंदोलन की दी चेतावनी, 5 दिन बैंकिंग को लेकर उठाई मांगें,पढ़ें पूरी रिपोर्ट




Total Users : 107914
Total views : 131099