- 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने शुरू किया जनसंपर्क अभियान, प्रचार वाहन घर-घर पहुंचाएंगे पार्टी की नीतियां
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को विप्लव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फर्रुखाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र से विधायक प्रत्याशी डॉ. अरविंद गुप्ता ‘सर्जन’ ने पार्टी के प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्र में रवाना किया। अभियान के माध्यम से पार्टी की नीतियों, विचारों और जनहित से जुड़े संकल्पों को सीधे जनता तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
“एक नया संकल्प, एक नई शुरुआत—बदलाव की ओर बढ़ता जनपद” के उद्घोष के साथ शुरू किए गए इस अभियान के दौरान डॉ. अरविंद गुप्ता ने कहा कि फर्रुखाबाद को पारंपरिक राजनीति से आगे बढ़कर सकारात्मक बदलाव और जनहित की राजनीति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान के लिए प्रयास करने का संकल्प लेकर मैदान में उतरी है।
डॉ. गुप्ता ने अपने संदेश में कहा, “जल पिएंगे, जल पिलाएंगे, राजनीति में पैसा नहीं लगाएंगे; पसीना आपके साथ दिन-रात बहाएंगे।” उन्होंने कहा कि उनका तन, मन और जीवन फर्रुखाबाद की जनता की सेवा के लिए समर्पित है। क्षेत्र के हर बच्चे के चेहरे पर मुस्कान लाना उनका सबसे बड़ा सपना है।
पार्टी की ओर से बताया गया कि प्रचार वाहन फर्रुखाबाद विधानसभा क्षेत्र के माधवपुर, धवलपुर, कटरी धर्मपुर, मंजन सहित विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर जनसंपर्क करेंगे और लोगों तक पार्टी का संदेश पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर पार्टी कार्यालय प्रभारी अब्दुल रहमान उर्फ छोटू, शिवम प्रताप सिंह, तनवीर सिद्दीकी, दीपक उर्फ राहुल, रविकांत गुप्ता, अमित वाल्मीकि, विवेक गुप्ता, विनोद सिंह ठाकुर, सुमित दुबे, चक्रपाल सिंह, अंकित कुमार गुप्ता, रजत कुमार कठेरिया, सुमित राजपूत, पंकज गुप्ता, गोविंद दीक्षित, कुलदीप शाक्य, प्रांजल गुप्ता, हाफिज नौशाद आलम, नंदेश गुप्ता, अशोक ठाकुर, विनीत कुमार शर्मा, वरुण कुमार राजपूत, विजय सिंह ठाकुर, सौरभ कुशवाहा, शिवम चौहान, राकेश पाल, प्रशांत दीक्षित, अभिषेक सक्सेना, सर्वेश कुमार प्रजापति एवं ओम नारायण यदुवंशी सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मोहम्मद इसरार, जिला संवाददाता फर्रुखाबाद



