रामपुर में लोकतंत्र की मजबूती के लिए 300 युवाओं ने ली शपथ

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • ‘युवा संवाद–अपने मत को जानें’ कार्यक्रम में मताधिकार और नागरिक जिम्मेदारियों पर हुई चर्चा, पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को किया जागरूक

रामपुर। लोकतंत्र की मजबूती युवाओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। इसी संदेश के साथ इम्पैक्ट कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी में ‘युवा संवाद–अपने मत को जानें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत (माय भारत), रामपुर की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में 300 से अधिक युवाओं ने प्रतिभाग किया और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की शपथ ली।

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद’ पहल का हिस्सा रहा। कार्यक्रम में युवा आइकन मेघा ठाकुर ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के संबंध में अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवाओं को मताधिकार के प्रति जागरूक रहने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।

जिला युवा अधिकारी मीनू बोहरा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए माय भारत पोर्टल के माध्यम से युवाओं को मिलने वाले विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। युवाओं को सामाजिक और लोकतांत्रिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

संवाद के दौरान युवाओं ने शासन व्यवस्था में भागीदारी, नागरिक कर्तव्यों और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की भूमिका से जुड़े सवाल पूछे। वक्ताओं ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के समापन पर 300 से अधिक युवाओं ने लोकतांत्रिक शपथ लेकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, जागरूक नागरिक भागीदारी और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। कॉलेज के चेयरमैन डॉ. सुल्तान अहमद ने सभी अतिथियों, आयोजकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक सरताज अहमद, निदेशक डॉ. कौशल कुमार, प्राचार्य प्रो. असीम अहमद, एनएसएस नोडल अधिकारी शिखा शर्मा सहित स्वयंसेवक अभिषेक, नवनीत, निधि, अंकित और नरवीर मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]