राष्ट्रीय लोक अदालत में 1.03 लाख मामलों का निस्तारण, 18 दंपतियों का घर फिर बसा।

Picture of nationstationnews

nationstationnews

शाहबाज खां जिला संवाददाता 

रामपुर, उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर शनिवार को जिला न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत का शुभारंभ 10:30 बजे जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भानु देव शर्मा, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी व पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिसोदिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।

राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न विभागों, बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं से संबंधित 94,379 मामलों तथा दीवानी न्यायालयों के 9,365 वादों का निस्तारण किया गया। इस प्रकार कुल 1,03,744 मामलों का निस्तारण हुआ।

इस दौरान जनपद न्यायाधीश एवं जिलाधिकारी ने विभिन्न बैंकों और विभागों द्वारा लगाए गए शिविरों का निरीक्षण कर वादकारियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

 

18 दंपतियों ने फिर थामा एक-दूसरे का हाथ

परिवार न्यायालय में 27 वैवाहिक मामलों तथा धारा 125 दण्ड प्रक्रिया संहिता से संबंधित 78 वादों का निस्तारण किया गया। इनमें 18 ऐसे मामले थे, जिनमें दंपतियों के बीच विवाद के कारण वैवाहिक संबंध टूटने की स्थिति में पहुंच गए थे। प्रधान न्यायाधीश ने दोनों पक्षों को साथ बैठाकर बातचीत कराई और समझाइश के माध्यम से उन्हें पुनः साथ रहने के लिए राजी किया। इसके बाद जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों की उपस्थिति में 18 दंपतियों ने एक-दूसरे को फूलमाला पहनाकर आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया।

 

दुर्घटना पीड़ितों के आश्रितों को 6.63 करोड़ रुपये की सहायता

इस दौरान 60 मोटर दुर्घटना वादों का निस्तारण करते हुए मृतकों एवं घायलों के आश्रितों को कुल 6 करोड़ 63 लाख 76 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गयी।

लोक अदालत में कलेक्ट्रेट न्यायालयों, कैनाल मजिस्ट्रेट, बाट-माप, आबकारी, एआरटीओ, श्रम, नगर निकाय, विद्युत, उपभोक्ता, कृषि, जिला पंचायत, पूर्ति, समाज कल्याण, महिला कल्याण, चिकित्सा, ग्रामोद्योग, बैंक एवं वित्तीय संस्थाओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों का भी निस्तारण किया गया

यूपी में चुनावी हलचल तेज! 34 जिलों के अफसर लखनऊ में जुटेंगे, EVM पर होगी बड़ी कवायद

इस अवसर पर प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत अजय कुमार दीक्षित, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अरविन्द कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुपमा सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण संदीप सिंह सहित न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Our Visitor

1 2 7 5 6 2
Total Users : 127562
Total views : 162004