- अखिलेश यादव के दौरे को लेकर बोले सांसद—समाजवादी पार्टी एक है, अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे
- ओलावृष्टि से बर्बाद फसलों का मुद्दा संसद में उठाया, प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग
शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर
रामपुर। रामपुर के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी ने अखिलेश यादव के दौरे से संबंधित होर्डिंग्स में अपनी तस्वीर नहीं होने पर कहा कि इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता, क्योंकि वह लोगों के दिलों में रहते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी एकजुट है और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।
संत शिरोमणि गेस्ट हाउस में बातचीत के दौरान सांसद ने पार्टी की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि होर्डिंग्स में तस्वीर होना या न होना कोई बड़ी बात नहीं है। उनके मुताबिक, जनता के बीच अपनी जगह होना अधिक महत्वपूर्ण है।
ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद
सांसद ने बिलासपुर क्षेत्र के दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश के कारण किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि किसानों की इस समस्या को उन्होंने संसद में भी उठाया है, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिल सके।
निष्पक्ष आकलन कर जल्द मुआवजा देने की मांग
मोहिबुल्लाह नदवी ने जिला प्रशासन से फसल नुकसान का निष्पक्ष आकलन कराने और सभी पात्र प्रभावित किसानों को जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की। प्रशासन की ओर से अब तक एक हजार किसानों के खातों में करीब 83 लाख रुपये भेजे जाने की जानकारी दी गई है। शेष प्रभावित किसानों के मामलों में सत्यापन की प्रक्रिया जारी है।
सांसद ने मांग की कि सत्यापन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर पात्र किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराई जाए, जिससे बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान के बीच उन्हें आर्थिक मदद मिल सके।
Nation Station News | nationstationnews.com



