आगरा में सनसनीखेज हत्याकांड: शिक्षक की हत्या के बाद ब्लैकबोर्ड पर लिखा ‘ओपी यादव रेपिस्ट’, चार दिन बाद बेसमेंट में मिला शव

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • पूर्व छात्रा की कथित ब्लैकमेलिंग की शिकायत से जुड़ा मामला, बॉयफ्रेंड पर चाकू से गला रेतकर हत्या करने का आरोप
  • पोस्टमार्टम में शरीर पर मिले नौ चोटों के निशान, पुलिस ने आरोपी निखिल को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में कोचिंग टीचर ओमप्रकाश यादव की निर्मम हत्या का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। चार दिनों से लापता शिक्षक का शव उनके ही कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में मिलने से हड़कंप मच गया। वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर ब्लैकबोर्ड पर ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिखकर घटना को नया मोड़ देने की कोशिश की। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला पूर्व छात्रा से जुड़े विवाद और कथित ब्लैकमेलिंग की शिकायत से जुड़ा बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, एक पूर्व छात्रा ने अपने बॉयफ्रेंड निखिल को बताया था कि शिक्षक उसे कथित तौर पर आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए परेशान कर रहे थे और अश्लील संदेश भेजते थे। इसी बात को लेकर 2 नवंबर को निखिल चाकू लेकर कोचिंग सेंटर पहुंचा। वहां शिक्षक और आरोपी के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर निखिल ने चाकू से शिक्षक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और उनका गला रेतकर हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी ने कोचिंग सेंटर के ब्लैकबोर्ड पर ‘ओपी यादव रेपिस्ट’ लिख दिया और शिक्षक की स्कूटी लेकर फरार हो गया। चार दिन बाद बेसमेंट से शव बरामद होने पर पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। शुरुआती पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के शरीर पर नौ चोटों के निशान मिले हैं, जिनमें सात घाव धारदार हथियार से किए गए वार के बताए गए हैं।

पुलिस ने कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निखिल को हिरासत में लिया है। डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मृतक ओमप्रकाश यादव मूल रूप से कानपुर देहात के रसूलाबाद क्षेत्र के कठिका गांव के निवासी थे। करीब 30 वर्षों से आगरा में रहकर शिक्षा के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे थे। वह शिवालिक कैंब्रिज स्कूल में गणित के शिक्षक थे और आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-3 स्थित वीएस प्लाजा में अपनी कोचिंग भी संचालित करते थे। 50 वर्षीय ओमप्रकाश यादव अविवाहित थे। इस वारदात ने शिक्षक समुदाय और स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

[wps_visitor_counter]