फर्रूखाबाद पुलिस लाइन में एयर स्ट्राइक और ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल, सायरन बजते ही अलर्ट हुईं टीमें

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का हुआ परीक्षण, घायलों को सुरक्षित निकालने और राहत-बचाव का किया गया सजीव प्रदर्शन

मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद 

फर्रूखाबाद। आपातकालीन परिस्थितियों और संभावित हवाई हमले जैसी स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम पुलिस लाइन मैदान में सिविल डिफेंस एयर स्ट्राइक एवं ब्लैकआउट मॉक एक्सरसाइज-2026 का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित इस अभ्यास में पुलिस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने हिस्सा लिया।

मॉक ड्रिल के दौरान शाम छह बजे पुलिस लाइन परिसर की सभी लाइटें बंद कर ब्लैकआउट किया गया। सायरन बजते ही विभिन्न विभागों की टीमें तत्काल सक्रिय हो गईं। जवानों ने आपातकालीन स्थिति में घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, प्राथमिक उपचार देने और राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम देने का सजीव प्रदर्शन किया। इस दौरान संबंधित विभागों की मुस्तैदी और आपसी समन्वय को भी परखा गया।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों के साथ आम नागरिकों का जागरूक और प्रशिक्षित होना भी बेहद जरूरी है। ऐसी मॉक ड्रिल से लोगों को संकट के समय अपनाए जाने वाले जरूरी उपायों की जानकारी मिलती है।

उन्होंने कहा कि अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और आपदा या आपातकालीन स्थिति में त्वरित कार्रवाई की क्षमता को मजबूत करना है। इस तरह के अभ्यास भविष्य में किसी भी चुनौती से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियों को और प्रभावी बनाने में मददगार साबित होते हैं।

[wps_visitor_counter]