- 2 सितंबर से 12 नवंबर तक विशेष अभियान चलाकर की गई कार्रवाई, एसएसपी सुहैल कासिम मीर के निर्देश पर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
सुरेश रहेजा जिला संवाददाता
बठिंडा (पंजाब), 13 नवंबर। (सुरेश रहेजा) पंजाब के बठिंडा में फरार अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 61 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित 49 आरोपी और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े NDPS एक्ट के 12 फरार आरोपी शामिल हैं।
एसएसपी बठिंडा सुहैल कासिम मीर (आईपीएस) के दिशा-निर्देशों पर जिले में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 2 सितंबर 2026 से 12 नवंबर 2026 तक पुलिस ने यह कार्रवाई की।
विभिन्न आपराधिक मामलों में 49 फरार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) से जुड़े विभिन्न आपराधिक मामलों में धारा 299 CrPC के तहत वांछित 49 फरार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की और उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
NDPS एक्ट के 12 आरोपियों पर भी कसा शिकंजा
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने NDPS एक्ट के मामलों में धारा 299 CrPC के तहत वांछित 12 फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
एसएसपी सुहैल कासिम मीर के नेतृत्व में पुलिस टीमें फरार अपराधियों को ट्रैक करने और गिरफ्तार करने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं। पुलिस का कहना है कि कानून से बचकर फरार चल रहे अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
बठिंडा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



