श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित शोभा यात्रा 1 दिसंबर को बठिंडा से होगी रवाना

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • अमरपुरा बस्ती से सुबह 7:30 बजे शुरू होगा सफर, डीसी और एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
  • 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी यात्रा, 4 से 6 दिसंबर तक होंगे पंजाब सरकार के विशेष कार्यक्रम

बठिंडा, 26 नवंबर। श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित शोभा यात्रा 1 दिसंबर को बठिंडा से निकाली जाएगी। पंजाब सरकार के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित चार शोभा यात्राओं में यह तीसरी यात्रा होगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान और जिला पुलिस प्रमुख सुहैल कासिम मीर ने अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

अमरपुरा बस्ती स्थित श्री गुरु रविदास भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने बताया कि शोभा यात्रा 1 दिसंबर को सुबह 7:30 बजे बठिंडा की अमरपुरा बस्ती से रवाना होगी। यात्रा दाना मंडी, सब्जी मंडी, भगवान वाल्मीकि चौक, फौजी चौक और बीबीवाला चौक से होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद यात्रा भुच्चो मंडी और रामपुरा से होकर बरनाला जिले में प्रवेश करेगी।

उन्होंने बताया कि शोभा यात्रा बरनाला, संगरूर, पटियाला और फतेहगढ़ साहिब होते हुए रूपनगर, बलाचौर और गढ़शंकर के रास्ते श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी। यात्रा 3 दिसंबर को होशियारपुर जिले के श्री खुरालगढ़ साहिब में पहुंचेगी, जहां पंजाब सरकार की ओर से 4 से 6 दिसंबर तक प्रकाश पर्व को समर्पित बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश

डिप्टी कमिश्नर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को यात्रा मार्ग की सफाई, लंगर और पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रास्ते में लटक रहे बिजली के तारों की मरम्मत और मार्ग में बाधा बन रहे पेड़ों की छंटाई समय रहते पूरी करने को कहा गया।

जिला पुलिस प्रमुख सुहैल कासिम मीर ने कहा कि शोभा यात्रा के दौरान पुलिस विभाग की ओर से रूट और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत मेहता, म्युनिसिपल इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट बठिंडा के चेयरमैन जतिंदर सिंह भल्ला, वन विभाग के चेयरमैन राकेश पुरी, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) पूनम सिंह, नगर निगम कमिश्नर लवजीत कलसी, एसडीएम बठिंडा अमनदीप सिंह मावी, एसडीएम रामपुरा पंकज कुमार, मार्केट कमेटी बठिंडा के चेयरमैन बलजीत बल्ली, श्री गुरु रविदास महासभा बठिंडा के अध्यक्ष गौरी शंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और महासभा के पदाधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट: सुरेश रहेजा, प्रवीण कुमार, साहिल रहेजा

[wps_visitor_counter]