फर्रुखाबाद: कलेक्ट्रेट में मंडलायुक्त की एंट्री, खुलीं निरीक्षण की फाइलें!

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • पटलों से अभिलेखों तक व्यवस्था की ली क्लास, एक-एक अनुभाग का किया निरीक्षण
  • एस. राजलिंगम ने कर्मचारियों से ली कामकाज की जानकारी, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद 

फर्रुखाबाद। सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं को परखने के लिए गुरुवार को कानपुर मंडल के मंडलायुक्त एस. राजलिंगम कलेक्ट्रेट फतेहगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न कार्यालयों और पटलों का बारीकी से निरीक्षण किया। अभिलेखों के रखरखाव से लेकर सरकारी कार्यों के निस्तारण तक, मंडलायुक्त ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने ई-गवर्नेंस सेल, आयुध अनुभाग, संग्रह अनुभाग, संयुक्त कार्यालय, निर्वाचन कार्यालय तथा राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न अनुभागों में रखी पत्रावलियों और पंजिकाओं की स्थिति देखी तथा पटल सहायकों से उनके कार्यों और कार्यालय की व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मंडलायुक्त ने कार्यालयों में अभिलेखों के व्यवस्थित रखरखाव और सरकारी कार्यों को जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्ट्रेट के विभिन्न अनुभागों के निरीक्षण के दौरान स्पष्ट संदेश दिया गया कि सरकारी कार्यालयों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें और जनता से जुड़े कार्यों का निस्तारण नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। अब मंडलायुक्त के निर्देशों के बाद संबंधित अनुभागों की कार्यप्रणाली में होने वाले सुधार पर नजर रहेगी।

[wps_visitor_counter]