ओवैसी पर आजम खां का तंज, बोले- हमारे यहां हैदराबादी बिरयानी नहीं, पुलाव पसंद किया जाता है

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • दाढ़ी रखने से हर कोई मौलाना नहीं बन जाता, फतवा देने के लिए मुफ्ती की डिग्री जरूरी: आजम खां
  • सपा कार्यालय में मीडिया से हुए रूबरू, बोले- मेरे साथ बहुत अन्याय हुआ, जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में सैकड़ों लोगों ने किया था श्रमदान

रामपुर से शाहबाज़ खान की रिपोर्ट

रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर तंज कसते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी है। रामपुर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान आजम खां ने कहा, “हमारे यहां हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती, हमारे यहां पुलाव और मटन बिरयानी पसंद की जाती है।”

ओवैसी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्हें बैरिस्टर कहा जा सकता है, लेकिन दाढ़ी रखने से हर कोई मौलाना नहीं बन जाता। फतवा देने के लिए डिग्री की जरूरत होती है। इसके लिए मौलवियत की डिग्री और फतवा देने के लिए मुफ्ती की डिग्री होनी चाहिए।

दरअसल, स्वार-टांडा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने आजम खां के लिए दुआ की थी। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए आजम खां ने कहा कि वह इसके लिए उनके शुक्रगुजार हैं। उन्होंने कहा कि महज चार कदम की दूरी पर उनका घर था। मुफ्त का टेलीफोन भी था, जिससे उनकी पत्नी से खैरियत पूछी जा सकती थी और घर आकर मुलाकात भी की जा सकती थी।

जौहर विश्वविद्यालय को लेकर छलका दर्द

बातचीत के दौरान आजम खां ने जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण और आयकर विभाग की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि उनके जैसा व्यक्ति, जिसके पास इस घर के अलावा कोई दूसरा मकान या जायदाद नहीं है, उसके खिलाफ आयकर विभाग ने कितना बड़ा हिसाब निकाल दिया।

उन्होंने कहा कि जब लोगों को जौहर विश्वविद्यालय के बारे में जानकारी हुई थी, तब कोई साइकिल से सीमेंट लेकर पहुंचता था तो कोई बोरा लेकर आता था। सैकड़ों लोग प्रतिदिन श्रमदान किया करते थे। आजम खां ने कहा कि उनके साथ बहुत अन्याय हुआ है।

जेल व्यवस्था में सुधार की कही बात

आजम खां ने जेलों की व्यवस्था को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हमारे रहते हुए जेलों की व्यवस्था में सुधार होगा। उनकी बातचीत के दौरान राजनीतिक मुद्दों के साथ-साथ जौहर विश्वविद्यालय और अपने साथ हुए कथित अन्याय का दर्द भी सामने आया।

रामपुर में आजम खां के इस बयान को ओवैसी के लिए राजनीतिक तंज के तौर पर देखा जा रहा है। खास तौर पर हैदराबादी बिरयानी और मौलानवीयत को लेकर उनकी टिप्पणी चर्चा का विषय बनी हुई है।

[wps_visitor_counter]