- सीओ सिटी कार्यालय में भी मनाया गया पुलिस झंडा दिवस, पुलिसकर्मियों को दिलाया गया कर्तव्यनिष्ठा का संदेश
रामपुर। शाहबाज़ खान
उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवशाली इतिहास, परंपरा और सम्मान के प्रतीक पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार, 23 नवंबर 2026 को रामपुर की रिजर्व पुलिस लाइन्स में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस ध्वज को सलामी देकर पुलिस बल के साहस, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस झंडा दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पुलिस ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा, सेवा भावना और कर्तव्य के प्रति समर्पण का परिचायक है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से इन परंपराओं को बनाए रखते हुए पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ आमजन की सेवा करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी स्वार, क्षेत्राधिकारी टांडा, क्षेत्राधिकारी लाइन्स, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, पुलिस अधीक्षक ने ग्राम प्रहरियों एवं चौकीदारों को कंबल और लाठियां वितरित कीं। उन्होंने चौकीदारों को अपने दायित्वों का निर्वहन सतर्कता, ईमानदारी और निष्ठा के साथ करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इसके अलावा सीओ सिटी कार्यालय पर भी पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपराओं, अनुशासन और जनसेवा के संकल्प का संदेश दिया गया। कार्यक्रम सम्मानपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।
शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता, रामपुर
Nation Station News | nationstationnews.com



