नेताजी मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर सपाइयों ने दी श्रद्धांजलि, 2027 में सरकार बनाने का लिया संकल्प

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • गुटबाजी खत्म कर एकजुट होकर चुनाव लड़ने की जरूरत : विजय यादव
  • जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी, पार्टी कार्यालय पर विशाल भंडारे का आयोज

मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद 

फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती के अवसर पर फर्रुखाबाद में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान पार्टी कार्यालय पर जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें नेताजी के राजनीतिक जीवन, संघर्ष और समाजवादी विचारधारा पर चर्चा करते हुए उनके बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में मौजूद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में प्रचंड जीत दर्ज कर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान सपा नेता एवं पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विजय यादव ने पार्टी में गुटबाजी समाप्त कर सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि नेताजी ने हमेशा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने और संघर्ष करने की सीख दी। ऐसे में उनके विचारों को अपनाते हुए पार्टी की मजबूती के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

विजय यादव ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा नेताजी के विचारों और आदर्शों को लेकर की गई सोशल मीडिया पोस्ट को भी पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि सभी समाजवादी कार्यकर्ता नेताजी के बताए रास्ते पर चलेंगे और उनके सिद्धांतों को आगे बढ़ाएंगे।

वहीं, जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी की जयंती बूथ स्तर से लेकर विधानसभा और जिला कार्यालय तक मनाई जा रही है। जिले में विभिन्न स्थानों पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम के बाद विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इसके अलावा जनपद के अन्य स्थानों पर भी सपा कार्यकर्ताओं ने नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाकर उन्हें याद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

[wps_visitor_counter]