मुलायम सिंह यादव की जयंती पर फर्रुखाबाद में सजा कुश्ती का अखाड़ा, अंतरराष्ट्रीय पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • पूनम फोगाट और अंशु मलिक समेत देशभर के नामी पहलवानों ने लिया हिस्सा, विजेता को मिलेगी पल्सर बाइक; हजारों की भीड़ उमड़ी

मोहम्मद इसरार जिला संवाददाता फर्रुखाबाद 

फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर फर्रुखाबाद में भव्य दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान पूनम फोगाट, अंशु मलिक सहित देश के कई नामी पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के दांव-पेच दिखाए। हनुमानगढ़ी अयोध्या से पहुंचे पागल बाबा उर्फ लाड़ी बाबा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। उनकी कुश्ती देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे।

दंगल का आयोजन समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव एवं अमृतपुर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह यादव ने कराया। प्रतियोगिता में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहलवान पहुंचे। पहलवानों के मुकाबलों पर बड़े-बड़े इनाम रखे गए। विजेता पहलवान को पल्सर मोटरसाइकिल देने की घोषणा की गई।

दंगल की खास बात यह रही कि आयोजक डॉ. जितेंद्र सिंह यादव मंच पर बैठने के बजाय नीचे उतरकर आम लोगों के बीच जमीन पर बैठ गए और कुश्ती का आनंद लिया। आयोजन स्थल पर छतों से लेकर मैदान तक दर्शकों की भारी भीड़ दिखाई दी। भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम भी किए गए थे।

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए हर साल होगा दंगल

आयोजक डॉ. जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव स्वयं पहलवान थे और उन्हें कुश्ती बेहद पसंद थी। उनकी जयंती पर दंगल आयोजित करने से बेहतर श्रद्धांजलि कुछ नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि आज का युवा नशे की ओर बढ़ रहा है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखने का संदेश दिया जाएगा। यह दंगल हर साल आयोजित किया जाएगा और नशे के खिलाफ अभियान भी चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कुश्ती हमारी प्राचीन खेल परंपरा है। इससे युवाओं का शरीर मजबूत होने के साथ मानसिक विकास भी होता है। हार-जीत से अनुशासन और संघर्ष की भावना पैदा होती है। हमारी कोशिश है कि फर्रुखाबाद में अखाड़ों की शुरुआत कराई जाए और इस परंपरा को आगे बढ़ाया जाए।

अगले महीने अंतरराष्ट्रीय दंगल कराने की तैयारी

डॉ. जितेंद्र सिंह यादव ने बताया कि अगले महीने अंतरराष्ट्रीय स्तर का दंगल कराने की योजना है, जिसमें विदेशों से भी पहलवानों को आमंत्रित किया जाएगा। उनका उद्देश्य फर्रुखाबाद को कुश्ती के क्षेत्र में नई पहचान दिलाना है।

वहीं, अयोध्या से आए पागल बाबा उर्फ लाड़ी बाबा ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि वह सुबह चार बजे उठकर व्यायाम शुरू कर देते हैं। युवाओं को भी सुबह जल्दी उठकर कसरत करनी चाहिए, शरीर को स्वस्थ रखना चाहिए और नशे से दूर रहना चाहिए। उन्होंने अपनी शारीरिक ऊर्जा का श्रेय भगवान राम की कृपा को दिया।

दंगल के दौरान मशहूर पहलवान रामेश्वर सहित अन्य पहलवानों ने भी अपने मुकाबलों से दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। पूरे आयोजन में कुश्ती प्रेमियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

फर्रुखाबाद से मोहम्मद इसरार की रिपोर्ट।

[wps_visitor_counter]