- मुलायम सिंह यादव की जयंती पर दी श्रद्धांजलि, बोले- हिंदू-मुस्लिम का सवाल कभी मेरे सामने नहीं रहा
रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता, रामपुर
रामपुर। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खान ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के बाद आजम खान ने अपने संबोधन में सत्ता, इंसाफ, सामाजिक सौहार्द और मौजूदा हालात को लेकर कई अहम बातें कहीं।
आजम खान ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी को सत्ता मिलती है तो वह किसी से बदला लेने का काम नहीं करेंगे, बल्कि इंसाफ करेंगे। उन्होंने बदले की भावना से काम करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसा करने वाले निहायती नालायक और जालिम हैं।
मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके जन्म की खुशी और उनके जाने का गम हमेशा रहेगा। आजम खान ने अल्लाह और वाहेगुरु से आने वाले कल को बदलने और समाजवादी लोगों को सत्ता मिलने की दुआ करने की अपील भी की।
अपने संबोधन में उन्होंने किसानों और मजदूरों की आत्महत्याओं का मुद्दा उठाया। साथ ही जेल में रहते हुए अखबारों में पढ़ी गई खबरों का जिक्र करते हुए आईआईटी की बेटियों की मौत और उनके सुसाइड नोट से जुड़ी खबरों पर भी चिंता जताई।
आजम खान ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के जमाने से शुरू किया गया उनका रास्ता आज भी नहीं बदला है। उनके सामने कभी हिंदू-मुस्लिम का सवाल नहीं रहा, लेकिन आज हालात ऐसे बन रहे हैं कि यह सवाल खड़ा किया जा रहा है। उन्होंने अपने विचारों और सिद्धांतों पर कायम रहने की बात कहते हुए कहा कि वे मरना पसंद करेंगे, लेकिन अपने आप से जुदा होना पसंद नहीं करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान आजम खान ने अपने राजनीतिक सफर, विचारधारा और सामाजिक सौहार्द से जुड़े संदेशों के जरिए कार्यकर्ताओं के सामने अपनी बात रखी।
बाइट: मोहम्मद आजम खान, वरिष्ठ सपा नेता
रिपोर्ट: शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता, रामपुर



