रामपुर में जमाल सिद्दीकी का बड़ा बयान: आजम खान को CM फेस बनाए सपा, सामाजिक सद्भाव का भी दिया संदेश

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • ऋषि–सूफ़ी संवाद अभियान के जरिए गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करने पर जोर, Gen Z को जोड़ने की पहल

रामपुर से शाहबाज़ खान, जिला संवाददाता।

रामपुर। ऑल इंडिया दरगाह कमेटी के चेयरमैन एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष जमाल सिद्दीकी रविवार को एक दिवसीय रामपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता, साझा संस्कृति और मुस्लिम समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर अपनी बात रखी। पत्रकार वार्ता में उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा कि आजम खान को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में प्रस्तुत करना चाहिए।

जमाल सिद्दीकी ने कहा कि आजम खान का राजनीतिक संघर्ष, अनुभव और जनाधार उनकी महत्वपूर्ण पहचान है। यदि समाजवादी पार्टी वास्तव में मुस्लिम समाज के सम्मान, आवाज और राजनीतिक हिस्सेदारी की पक्षधर है तो उसे आजम खान को केवल वरिष्ठ नेता तक सीमित नहीं रखना चाहिए। उन्हें मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाना मुस्लिम समाज के बीच राजनीतिक विश्वास बहाल करने की दिशा में सकारात्मक कदम हो सकता है।

गांधी समाधि मार्ग स्थित संत शिरोमणि रविदास सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के बाद जमाल सिद्दीकी दरगाह खुर्मा शरीफ पहुंचे। यहां हजरत फहद मियां निजामी साहब की अध्यक्षता में आयोजित सूफी संवाद कार्यक्रम में उन्होंने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ऑल इंडिया दरगाह कमेटी के प्रमुख अभियान ‘ऋषि–सूफी संवाद अभियान’ की जानकारी देते हुए कहा कि भारत की ऋषि और सूफी परंपराएं प्रेम, करुणा, सहिष्णुता, मानवता और आध्यात्मिक एकता का संदेश देती हैं।

उन्होंने कहा कि आज के दौर में संवाद, विश्वास और आपसी सद्भाव के माध्यम से देश की गंगा-जमुनी तहजीब को मजबूत करना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से नई पीढ़ी यानी Gen Z को इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक के जरिए युवाओं तक भारत की साझा संस्कृति, आध्यात्मिक विरासत और इंसानियत का संदेश पहुंचाया जाएगा, ताकि युवा समाज में भाईचारे और एकता के वाहक बन सकें।

इसके बाद जमाल सिद्दीकी ने दरगाह हजरत शाह विलायत, नानकार और दरगाह हाफिज शाह जमालुल्लाह पहुंचकर जियारत एवं चादरपोशी की। उन्होंने देश में अमन-चैन, शांति, तरक्की, खुशहाली और आपसी भाईचारे के लिए दुआ मांगी।

इस अवसर पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष वसीम खान ने जमाल सिद्दीकी को रामपुर की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक रामपुरी वायलिन भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सद्भाव और साझा विरासत को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।

बाइट: जमाल सिद्दीकी, चेयरमैन, ऑल इंडिया दरगाह कमेटी।

[wps_visitor_counter]