निशुल्क इलाज के दावों की खुली पोल! रामपुर जिला अस्पताल में बाहर से मंगवाईं दवाइयां

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • इमरजेंसी में घायल मरीज के तीमारदार को चार इंजेक्शन और चार सिरिंज खरीदने के लिए थमाई पर्ची, करीब 700 रुपये खर्च करने पड़े
  • सीएमएस बोले- निर्देशों के बावजूद ऐसा हुआ तो होगी जांच, सीएमओ ने बताया गलत, तत्काल कार्रवाई का दिया भरोसा

शाहबाज खां जिला संवाददाता रामपुर 

रामपुर। जिला अस्पताल में मरीजों को निशुल्क इलाज और दवाइयां उपलब्ध कराने के दावों पर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल की इमरजेंसी में सड़क हादसे में घायल एक मरीज के तीमारदार को चार इंजेक्शन और चार सिरिंज बाहर के मेडिकल स्टोर से खरीदने के लिए कह दिया गया। मजबूरी में तीमारदार को करीब 700 रुपये खर्च कर निजी मेडिकल स्टोर से दवाइयां खरीदनी पड़ीं।

मामला शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे का है। सड़क हादसे में घायल अजीत सिंह गंगोत्री को उनके तीमारदार हेतराम दिलपुरा उपचार के लिए जिला अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां अस्पताल स्टाफ ने चार इंजेक्शन और चार सिरिंज बाहर से खरीदने की पर्ची थमा दी। अस्पताल में निशुल्क दवाइयां मिलने की उम्मीद लेकर पहुंचे तीमारदार को आखिरकार अपनी जेब से करीब 700 रुपये खर्च करने पड़े।

निशुल्क दवाइयों के दावे पर उठे सवाल

तीमारदार का कहना है कि सरकारी अस्पताल में मरीजों को जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई जानी चाहिए, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ीं। इस घटना ने जिला अस्पताल में निशुल्क दवा वितरण व्यवस्था और इमरजेंसी सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीएमएस और सीएमओ ने दिए जांच के संकेत

मामले पर जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बी. सक्सेना ने कहा कि अस्पताल के कर्मचारियों को निजी मेडिकल स्टोर से दवाइयां न लिखने के कई बार निर्देश दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद यदि बाहर से दवाइयां खरीदने की पर्ची लिखी गई है तो इसकी जांच कराई जाएगी।

वहीं सीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने बाहर से दवाइयां लिखने पर पूरी तरह रोक होने की बात कही। उन्होंने इसे बेहद गलत बताते हुए तत्काल मामले को दिखवाने की बात कही।

अब सवाल यह है कि जब सरकारी अस्पताल में निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराने के निर्देश हैं, तो फिर इमरजेंसी में पहुंचे मरीजों के तीमारदारों को निजी मेडिकल स्टोर का रास्ता क्यों दिखाया जा रहा है? जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि इस मामले में लापरवाही किस स्तर पर हुई।

[wps_visitor_counter]