राइजिंग चाइल्ड स्कूल में धूमधाम से मना बाल दिवस, बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Picture of nationstationnews

nationstationnews

 

  • सांस्कृतिक कार्यक्रमों में नन्हे-मुन्नों ने दिखाई प्रतिभा, उपहार पाकर खिले बच्चों के चेहरे
  • बच्चों की मुस्कान और उनका सर्वांगीण विकास ही विद्यालय की प्राथमिकता : अरविंद श्रीवास्तव

रायबरेली। शहर के प्रभुटाउन स्थित राइजिंग चाइल्ड स्कूल में बाल दिवस हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय में बच्चों के मनोरंजन एवं उत्साहवर्धन के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या सीमा श्रीवास्तव ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा छिपी होती है। विद्यालय का उद्देश्य शिक्षा के साथ बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारना है।

विद्यालय के प्रबंधक अरविंद श्रीवास्तव एडवोकेट ने बच्चों को उपहार भेंटकर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि बच्चों की मुस्कान और उनका सर्वांगीण विकास ही विद्यालय की सबसे बड़ी उपलब्धि है। बचपन जीवन का सबसे अनमोल समय होता है। बच्चों को बेहतर शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक वातावरण देना हम सभी की जिम्मेदारी है। आज के बच्चे ही कल के सशक्त, शिक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनेंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान बच्चों ने ‘बम-बम बोले’, ‘नन्हा मुन्ना राही हूं’, ‘बच्चे मन के सच्चे’ और ‘कर हर मैदान फतेह’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर शानदार समूह नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया और पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रवींद्रनाथ हरि, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सावन गुप्ता का विशेष सहयोग रहा।

Nation Station News | रायबरेली

[wps_visitor_counter]