- रिकॉर्ड में दर्ज थे 15 हाथीदांत, जांच में मिले सिर्फ 10; रेंजर समेत तीन वनकर्मी निलंबित, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
हरिद्वार/कोटद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। लैंसडाउन वन प्रभाग की लालढांग वन रेंज के सरकारी मालखाने से पांच हाथीदांत गायब हो गए। विभागीय रिकॉर्ड में मालखाने के अंदर 15 हाथीदांत दर्ज थे, लेकिन भौतिक सत्यापन के दौरान केवल 10 ही मिले। गायब पांच हाथीदांतों का कुल वजन 35.045 किलोग्राम बताया गया है। मामले में अब तक तीन वनकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसका दूसरा साथी फरार बताया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ये हाथीदांत मृत हाथियों से बरामद किए गए थे और वन विभाग के मालखाने में सुरक्षित रखे गए थे। वन्यजीव संरक्षण से जुड़े नियमों के तहत इनका निस्तारण किया जाना था। लेकिन सरकारी अभिरक्षा में रखे इन महत्वपूर्ण अवशेषों के गायब होने से विभाग में हड़कंप मच गया है। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि हाथीदांत कब, कैसे और किन परिस्थितियों में मालखाने से गायब हुए।
जांच रिपोर्ट में सामने आई लापरवाही, रेंजर समेत तीन निलंबित
मामले की जांच डीएफओ हरिद्वार स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय समिति ने की। समिति ने 6 नवंबर को अपनी जांच रिपोर्ट वन संरक्षक को सौंप दी थी। रिपोर्ट और अधिकारियों के बयानों के आधार पर रेंजर अनुराग जोशी तथा तत्कालीन मालखाना प्रभारी डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भदूला को निलंबित कर दिया गया। इससे पहले वर्तमान मालखाना प्रभारी वन दरोगा वीरेंद्र सिंह को भी निलंबित किया जा चुका है। वहीं, कंप्यूटर ऑपरेटर हेमंत कुमार को उनकी भूमिका को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जांच में मालखाने की निगरानी, रिकॉर्ड संधारण और हाथीदांतों की सुरक्षा में गंभीर लापरवाही सामने आने की बात कही गई है।
एक आरोपी गिरफ्तार, हाथीदांतों की बरामदगी अब भी चुनौती
पुलिस ने मामले में हरिद्वार के गैंडीखाता स्थित गुज्जर बस्ती निवासी गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसके एक अन्य साथी की भूमिका सामने आने की जानकारी मिली है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। शुरुआत में यमकेश्वर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन घटनास्थल कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र में होने की पुष्टि के बाद मामला कोटद्वार स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम गायब हाथीदांतों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।
हाथीदांत का अवैध अंतरराष्ट्रीय कारोबार वन्यजीव संरक्षण के लिए गंभीर चुनौती बना हुआ है। भारत में हाथीदांत का अवैध व्यापार प्रतिबंधित है। ऐसे में सरकारी मालखाने से 35.045 किलोग्राम हाथीदांत गायब होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। आखिर इतनी बड़ी मात्रा में हाथीदांत विभागीय निगरानी के बावजूद कैसे गायब हो गए? क्या इस घटना के पीछे केवल लापरवाही है या किसी संगठित तस्करी नेटवर्क की भूमिका भी है? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और हाथीदांतों की बरामदगी के बाद ही सामने आएगा।



