- 18 बिजली के खंभों से तार काटने की वारदात का खुलासा, लोडर-बाइक समेत लाखों का सामान बरामद
मोहम्मद इसरार, जिला संवाददाता
फर्रुखाबाद। जनपद में बिजली के तार, ट्रांसफॉर्मर का तेल और कॉपर चोरी करने वाले कथित गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी, सर्विलांस और थाना शमसाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई को बिजली चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रात के अंधेरे में बिजली लाइनों और ट्रांसफॉर्मरों को निशाना बनाते थे। गिरोह के सदस्य पहले मोटरसाइकिल से बिजली लाइनों की रेकी करते और फिर मौका मिलते ही कटर की मदद से तार काटकर चोरी कर लेते थे। आरोपियों पर ट्रांसफॉर्मरों से तेल और कॉपर की पत्तियां चोरी करने का भी आरोप है।
लोडर, दो बाइक और बिजली के तारों के नौ बंडल बरामद
संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक अशोक लेलैंड लोडर, दो मोटरसाइकिल, बिजली के तारों के नौ बंडल, करीब चार किलो तांबे की पत्तियां, ट्रांसफॉर्मर का तेल, कटर, छह मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला बिजली के 18 खंभों से तार काटे जाने की घटनाओं से जुड़ा है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



